आजमगढ़। सामान्य ट्रेनों की शुरूआत के तीसरे दिन बुधवार को आजमगढ़ स्टेशन पर ताप्ती गंगा एक्सप्रेस ट्रेन पहुंची। ट्रेन के पहुंचने पर स्टेशन परिसर में भारी भीड़ हो गई थी। सोशल डिस्टेंसिंग की जम कर धज्जियां उड़ रही थी। बाद में रेलवे प्रशासन ने कड़ी मशक्कत कर फालतू लोगों को प्लेटफार्म से हटाया और लगभग 100 यात्री ट्रेन से सूरत के लिए रवाना हुए।
रेलवे प्रशासन ने एक जून से सामान्य ट्रेनो का संचालन शुरू कर दिया है। इसके तहत जिले से भी तीन जोड़ ट्रेन गुजर रही है। बुधवार को सूरत जाने वाली ताप्ती गंगा एक्सप्रेस ट्रेन स्टेशन पर पहुंची। इस ट्रेन से सूरत जाने के लिए रिजर्वेशन वाले लगभग 100 यात्री पहुंचे थे। इन यात्रियों के साथ पूर्व की भांति काफी संख्या में लोग छोड़ने आए थे। बुधवार को स्टेशन पर ट्रेन के पहुचने के पूर्व ही काफी भीड़ हो गई थी। ट्रेन के आने पर रेलवे प्रशासन सक्रिय हुआ और लाउडस्पीकर से अनाउंस कर सिर्फ रिजर्वेशन वालों को प्लेटफार्म पर रोक कर शेष लोगों को बाहर किया। इसके बाद से 100 लोग ट्रेन पर सवार होकर सूरत के लिए रवाना हुए। इसके पूर्व इन सभी की थर्मल स्क्रीनिंग आदि भी की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम स्क्रीनिंग के लिए नहीं मौजूद थी और रेलवे के कर्मचारियों ने ही यात्रियों की स्क्रीनिंग किया।