आजमगढ़। सरायमीर ब्लाक सभागार मिर्जापुर में बुधवार को साप्ताहिक बैठक हुई। जिसमें ब्लाक के अधूरे कार्यो को पूरा करने पर चर्चा की गई। इस दौरान खंड विकास अधिकारी ने जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया। चेताया कि यदि ग्रामीणों को काम के लिए दौड़ाया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। खंड विकास अधिकारी राम बेलास ने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार काम करना सबकी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गांवों में सामुदायिक शौचालय, आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण, गांव की साफ-सफाई की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। अभी तक कई लोगों के गांव में सामुदायिक शौचालय व पंचायत भवन का कार्य अधूरा पड़ा है। इसको 15 दिन के अंदर किसी भी हाल में ग्राम पंचायत अधिकारी पूर्ण कराएं। यदि ग्राम प्रधान इसमें सहयोग नहीं कर रहे हैं तो उनके खिलाफ पत्र लिखा जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से आए हुए लोगों के काम को वरीयता दी जाए। परिवार रजिस्टर की नकल व अन्य कागजात के लिए कोई आता है तो उसे दौड़ाया न जाए। किसी जगह से शिकायत आती है कि परिवार रजिस्टर के लिए कुछ ग्राम पंचायत अधिकारी सुविधा शुल्क की मांग करते हैं। यदि कहीं से इसकी शिकायत मिली तो जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर लेखाकार बृजेश चौरसिया, विनीत सिंह, राकेश कुमार यादव, संतोष यादव, प्रमोद कुमार, परविद मौर्या, शैलेंद्र कुमार, रेनु भरती, जय सिंह, ओम प्रकाश, विनीत आदि मौजूद थे।