आजमगढ़। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में नगरीय निकाय के कार्यों की प्रगति जानने के लिए समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने जनपद के समस्त नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों से निकायवार जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने निराश्रित व बेसहारा पशुओं के लिए गोवंश आश्रय स्थल के संचालन, पशुओं के लिए चारा, भूसा, पेयजल आदि की विधिवत जानकारी ली। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि वे स्वयं अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर साफ-सफाई, पेयजल आदि व्यवस्थाओं को सुदृढ़ कराएं।
उन्होंने सभी ईओ को निर्देशित किया कि वर्तमान में दशहरा पर्व चल रहा है, अपने क्षेत्र में स्थापित दुर्गा पंडालों व मूर्ति की संख्या की जानकारी रखते हुए मूर्ति विसर्जन स्थल की समुचित बैरिकडिंग, घेरा आदि कराएं। ताकि विसर्जन के समय कोई अप्रिय घटना न घटने पाए। उन्होंने कहा कि यदि इस कार्य में लगे अधिकारी व कर्मचारी को कोई असुविधा या दिक्कत हो तो वे संबंधित एसडीएम व तहसीलदार से समन्वय स्थापित कर उसका निराकरण प्राथमिकता के आधार पर कराएं।
संपत्ति रजिस्टर न मिलने पर होगी कार्रवाई : जिलाधिकारी ने समस्त ईओ को निर्देश दिया कि निकाय विस्तार होने के कारण विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों को नगर पालिका व नगर पंचायत में शामिल किया गया है। इसलिए संपत्ति रजिस्टर में उनका अंकन जरूर कराएं। उन्होंने कहा कि भ्रमण या जांच में संपत्ति रजिस्टर न मिलने पर संबंधित के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।