थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में मंगलवार की दोपहर में भूंसा बनाते समय ट्रैक्टर से निकली चिंगारी से जहां भूंसा जल गया वहीं ट्रैक्टर में भी आग लग गई। फायर बिग्रेड को सूचना देने के साथ ही ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। बाद में पहुंचे फायरकर्मियों ने आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से थोड़ी देर के लिए हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई। आशंका जताई जा रही है कि आग ट्रैक्टर के इंजन से निकली चिंगारी से लगी होगी।
घटना के अनुसार, गांव निवासी हीरा यादव के खेत में ट्रैक्टर से भूसा बनाने का काम चल रहा था। दोपहर सवा 12 बजे अचानक भूसे में आग लग गई। जिसने ट्रैक्टर को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाई। हीरा यादव ने बताया कि 10 हजार रुपए का भूसा जल गया है। जबकि जलकर नष्ट हुआ ट्रैक्टर जनपद अंबेडकर नगर निवासी कल्पनाथ यादव का था। जिसे चलाकर गेहूं की डाठ से भूंसा तैयार हो रहा था।