मौसम बदलने के बाद सोमवार की देर रात आई बारिश ने जिले भर में तबाही मचाई। आंधी के चलते शहर के अलावा देहात क्षेत्रों में पेड़ और बिजली के पोल टूट कर गिर गए। इसके चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। शहर के रैदोपुर में पेयजल की आपूर्ति नहीं हो सकी। मेहनगर क्षेत्र में मकान की दीवार ढहने से दबकर और देवगांव में आंधी के दौरान छत से गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
दो दिनों से लगातार उमस भरी गर्मी से लोग परेशान थे। हर तरफ गर्मी से निजात पाने के उपाय ढूंढे जा रहे थे लेकिन कोई राहत नजर नहीं जा रही थी। सोमवार की रात करीब 1.50 बजे अचानक तेज हवा के साथ आंधी शुरू हो गई। हवा का रुख तेज होने के कारण कई पेड़ धराशाई हो गए। आंधी के दौरान देवगांव, बरदह, मेंहनाजपुर, तरवा आदि क्षेत्रों में पेड़ों की डाल की चपेट में आने से विद्युत तार और पोल टूट गए।
तार टूटने से शहर के रैदोपुर मुहल्ले में अंधेरा छा गया। दूसरे दिन इस मुहल्ले में पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। ग्रामीण क्षेत्रों में कई लोगों के छप्पर, टीनशेड, सीमेंट शीट आदि उड़कर टूट गए। देवगांव, बरदह, मेहनाजपुर, तरवां, मेंहनगर, जहानागंज आदि आंधी का अधिक असर रहा। इन क्षेत्रों में करीब डेढ़ दर्जन पोल टूटकर गिरने की सूचना है। उधर, मेंहनगर थाने के अमारी गांव निवासी अरविंद राम (45) के मकान की दीवार ढह गई जिसमें दबकर कर घायल अरविंद की मौत हो गई।
वह दो बेटे और तीन बेटियों का पिता था। मजदूरी करता था। इसी क्रम में देवगांव कोतवाली के उपेंदा गांव निवासी श्रीराम यादव (55) रात को छत पर सोया हुआ था। आंधी और पानी से बचने के लिए छत से उतर रहा था। इस दौरान हवा के झोंके से अनियंत्रित होकर आंगन में गिर गया। उसे सीएचसी लालगंज ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। श्रीराम चार बेटों और एक बेटी का पिता था।
सर्पदंश से महिला की मौतः गोसाई की बाजार। देवगांव क्षेत्र के चंदेवरा गांव निवासी रीमा (40) पत्नी स्व. संजय राम की सर्पदंश से मौत हो गई। आंधी के दौरान आई बारिश से उनके आंगन में पानी भर गया था। वह पानी निकालने के लिए नाली साफ कर रही थी। इस दौरान उसे सांप ने डस लिया। रीमा को सीएचसी लालगंज में ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रीमा एक बेटी और चार बेटे की मां थी। करीब चार वर्ष पूर्व उसके पति की हत्या कर दी गई है। रीमा ही बच्चों का पालन कर रही थी। मां की मौत के बाद उसके बच्चे अनाथ हो गए हैं।
तीन दिन से बिजली आपूर्ति बाधित ः मालटारी (ब्यूरो)। सगड़ी तहसील क्षेत्र में शनिवार की भोर आई आंधी के चलते दर्जनों पेड़ धराशाई हो गए थे, जिसके चलते कई स्थानों पर तार टूट गए और पोल सहित ट्रांसफार्मर गिर गया। विभागीय स्तर पर गड़बड़ी दूर नहीं किए जाने से तीन दिनों से क्षेत्र के मोचीपुर, तरौका नदौरा, मिर्जापुर, देवापार, अंजान शहीद, नगर पंचायत जीयनपुर, गड़ेरी पट्टी सहित दर्जनों गांव में बिजली नहीं है। क्षेत्र के ओमप्रकाश राय, मुकेश राय, दीपक शर्मा, डा. मोहम्मद शाहेदीन, मनोज यादव, दिनेश, शिवशंकर यादव, सुनील आदि ने कहा कि बिजली न रहने से लोग बेहद परेशान है। लोगों ने जल्द से जल्द टूटे तारों को जोड़कर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।