प्रदेश के गन्ना आयुक्त और जिले के नोडल अधिकारी सुभाष चंद्र शर्मा ने
गुरुवार को जिला अस्पताल, नगरपालिका, निर्माणाधीन कलेक्ट्रेट हरिऔध कला भवन
का निरीक्षण किया।
जिला अस्पताल में गंदगी और मरीजों की शिकायत पर उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को जमकर फटकार लगाई। नोडल अधिकारी द्वारा पकड़ी गई खामियों और फटकार से संबंधित विभागों के अधिकारियों को सर्दी में भी पसीने छूटता रहा।
सीएमएस के साथ एक्सईएन को फटकार
जिला अस्पताल के निरीक्षण में नोडल अधिकारी सुभाष चंद्र शर्मा ने पूरे अस्पताल परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया।
साथ ही गंदगी को दूर करने का आदेश सीएमएस को दिया। मरीजों की बाहर से दवाएं मंगाने की शिकायत पर वह काफी नाराज हो गए। अस्पताल में मौजूद खराब हैंडपंप को उन्होंने ठीक कराने का निर्देश दिया।
साथ ही निर्माणाधीन ट्रामा सेंटर का भी निरीक्षण किया। यहां कार्य का बोर्ड न लगने पर आपत्ति जताई, साथ ही कार्यदायी संस्था पैसफेड के एक्सईएन को बोर्ड लगाने और उस पर योजना और लागत के साथ कितने समय के लिए अनुबंध है, को अंकित करने का आदेश दिया।
सेनेट्री इंस्पेक्टर का एक दिन का वेतन रोका
जिला अस्पताल के बाद गन्ना आयुक्त नगरपालिका पहुंचे। कार्यालय परिसर में गंदगी का अंबार मिलने पर पालिका केे अधिशासी अधिकारी को जमकर फटकार लगाई।
साथ ही सुधार करने का निर्देश दिया। निरीक्षण में अनुपस्थित मिले सेनेट्री इंस्पेक्टर (सफाई निरीक्षक) एसएस गुप्ता का उन्होंने एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया।
निर्माणाधीन भवन का मैप लगाने का निर्देश
निर्माणाधीन कलेक्ट्रेट भवन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों से कार्यों की जानकारी ली। साथ ही समय सीमा के भीतर गुणवत्तायुक्त कार्य पूरा करने और बोर्ड पर कलेक्ट्रेट भवन के मानचित्र को भी लगाने का आदेश दिया।
इसके बाद नोडल अधिकारी ढहाए जा रहे हरिऔध कला भवन का निरीक्षण करने पहुंचे। बताया कि शासन से हरिऔध कला भवन के लिए 18 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसका निर्माण भव्य तरीके से होना चाहिए।
चार सौ करोड़ से बढ़ेगी चीनी मिल की क्षमता
गन्ना आयुक्त ने बताया कि लगभग चार सौ करोड़ रुपये से सठियांव चीनी मिल का उच्चीकरण होगा। यह पूर्वांचल का पहला ऐसा प्लांट होगा जिसमें एक साथ तीन इकाइयां स्थापित होंगी।
इसके लिए शासन द्वारा लगभग 50 करोड़ रुपये स्वीकृत भी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इसके बनने से जनपद के नौजवानों को रोजगार के साथ ही किसानों को भी अपने गन्ने की फसल बेचने में सुविधा होगी।
हर जगह दिखी मानक की अनदेखी : सुभाष चंद्र शर्मा
आजमगढ़। शासन से जिले की दशा और विकास कार्यों का निरीक्षण करने आए प्रदेश के गन्ना आयुक्त और जिले के नोडल अधिकारी सुभाष चंद्र शर्मा गुरुवार की देर शाम वापस लखनऊ लौट गए।
उन्होंने टेलीफोन पर बताया कि निरीक्षण में हर जगह मानक की अनदेखी होती दिखी। निरीक्षण में हर जगह कमियां पाई गई। यहां के विभागाध्यक्षों की अपने विभाग पर कमांड नहीं है।
शर्मा ने बताया कि अनुशासनहीनता बरतते हुए बैठक से अनुपस्थित जिला पूर्ति अधिकारी और मंडी परिषद निर्माण इकाई के डिप्टी डायरेक्टर के विरुद्ध कार्रवाई के लिए उन्होंने शासन को पत्र लिखा है।
उन्होंने बताया कि बुधवार को सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में विभागाध्यक्षों को उनके लक्ष्यों के बारे में ही जानकारी नहीं थी।
निरीक्षण के दौरान जिला अस्पताल में काफी खामियां मिली, जिससे सीएमएस की लापरवाही उजागर होती। इसी तरह पालिका में भी काफी कमी मिली।
सड़क निर्माण में भी बड़े पैमाने पर मानक की अनदेखी मिली। ऐसे में एक्सईएन लोनिवि के विरुद्ध भी शासन को लिखा गया है। कहा कि बुधवार की शाम पल्हनी ब्लाक के लोहिया गांव हलुवाडीह का निरीक्षण करने पर वहां खामियाें के साथ कई तरह की समस्याएं भी सामने आई थीं।
पूछने पर खंड विकास अधिकारी पल्हनी के पास कोई उत्तर नहीं था। ऐसे में उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। शर्मा ने बताया कि शहर की सड़कों के निर्माण में गोलमाल करने वाले ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई कराने के लिए उन्होंने शासन को संस्तुति पत्र भेज दिया है।
उन्होंने कहा कि अगले दौरे में यदि खामियां मिली तो अधिकारियों पर कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।