आजमगढ़। जिला अस्पताल में पथरी के मरीजों के ऑपरेशन व इलाज की बेहतर सुविधा देने के लिए शासन से आपरेटिंग लैप्रोस्कोपी मशीन उपलब्ध करायी जा रही है। इसके लिए 35 लाख की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। मशीन के अस्पताल पर आने व स्थापित होने पर मरीजों को इसकी सुविधा मिलेगी और आसानी से किडनी व अन्य स्थानों पर होने वाले पथरी का आपरेशन होगा। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी में लगी हुई है। इसके तहत प्रदेश के सभी मंडलीय अस्पतालों पर पथरी के मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर आपरेटिंग लेप्रोस्कोपी मशीन उपलब्ध कराई जा रही है। जिला मुख्यालय पर स्थित मंडलीय अस्पताल को भी यह मशीन उपलब्ध कराई गई है। विशेष सचिव उत्तर प्रदेश शासन प्रांजल यादव ने महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं को पत्र भेज कर इसकी जानकारी दी है। मंडलीय अस्पताल को इस मशीन की खरीद के लिए कुल 35 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। वहीं इस बाबत एसआईसी डॉ. एसकेजी सिंह ने जब पूछा गया तो उन्होंने इसकी जानकारी होने से इंकार किया।