अंबारी। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मकसुदिया के पूराधन्नी गांव में सोमवार की सुबह दो पक्षों में पुरानी रंजिश केे लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। इसमें तीन लोग घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी फूलपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव निवासी 55 वर्षीय हरिशंकर यादव की गांव के ही कुछ लोगों से पुरानी रंजिश चल रही थी। रविवार की शाम भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था और पुलिस भी आई थी और दोनों पक्षों को समझा बुझा कर चली गई। सोमवार की सुबह हरिशंकर कहीं जा रहा था तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उससे कहासुनी कर लिया। इसके बाद हरिशंकर घर चला आया। कुछ ही देर बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी डंडे से हरिशंकर के घर धावा बोल दिया। मारपीट में हरिशंकर के अलावा 25 वर्षीय अनिल और 52 वर्षीय बिंदु पत्नी हरिशंकर घायल हो गए। तीनों को सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हरिशंकर को मृत घोषित कर दिया। मृतक के पुत्र अनिल ने पुलिस को चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। कोतवाल धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच की जा रही है।