आजमगढ़। सगड़ी तहसील के देवारा क्षेत्र से होकर गुजरने वाली घाघरा नदी देवारावासियों के लिए मुसीबत का सबब बनी हुई है। हालांकि इस वर्ष अभी तक नदी में बाढ़ तो नहीं आई है लेकिन नदी तेजी से कृषि योग्य भूमि को अपने आगोश में लेती जा रही है। बीते 24 घंटे में घाघरा नदी का जलस्तर बदरहुंआ में स्थिर है तो डिघिया पर इसमें एक सेमी की घटी है। बदरहुंआ गेज पर घाघरा नदी का न्यूनतम जलस्तर 70.26 मीटर, खतरा बिंदू 71.68 मीटर और अधिकतम जलस्तर 72.98 मीटर है। रविवार को बदरहुंआ गेज पर नदी का जलस्तर 70.11 मीटर दर्ज किया गया था। जो सोमवार को भी 70.11 मीटर ही रहा। वहीं डिघिया नाले पर नदी का न्यूनतम जलस्तर 68.90 मीटर, खतरा बिंदु 70.40 मीटर और अधिकतम जलस्तर 72.10 मीटर है। डिघिया नाले पर रविवार को जलस्तर 69.52 मीटर था। जो सोमवार को एक सेमी घटकर 69.51 मीटर हो गया। घाघरा नदी के जलस्तर में कमी होने से घाघरा नदी अपने तटवर्ती क्षेत्रों में कटान कर रही है। उर्दिहा, परसिया, सहबदिया, महुला आदि गांवों के किसानों की जमीन काट रही है। उर्दिहा गांव के ओम प्रकाश, राम भजन, राम लखन, फूलमती, कलंदर, निर्मला, नरसिंह, उमेश, सुरेश, मनोज, अच्छेलाल, शंकर आदि किसानों की जमीन काट रही है। किसान अपनी खेती की जमीनों को कटते हुए देखने को विवश हैं।