सरायमीर सोशल साइट पर धर्म से जुड़ी विवादित टिप्पणी करने वाले आरोपी पर एनएसए लगाने की मांग करते हुए शनिवार को सरायमीर थाने में तोड़फोड़, पथराव, बाजार में आगजनी, धार्मिक उन्माद फैलाने वालों के विरुद्ध अब तक कुल चार मुकदमा दर्ज कराए गए।
सभी मामलों का मुख्य आरोपी एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष कलीम जमई सहित अन्य हैं। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए घटना के बाद से ही लगातार दबिश दे रही है। लेकिन घटना के तीसरे दिन सोमवार की शाम तक कलीम जामई सहित अन्य का कोई पता नहीं चल सका। सर्विलांस सेल के जरिए इनका लोकेशन लेने के बाद पुलिस दबिश दे रही है। उधर क्षेत्र में घटना के बाद से लोगों में दहशत और भय बना हुआ है।
बता दें कि सरायमीर कस्बे के पठानटोला मुहल्ला निवासी उबैदुर्ररहमान ने शुक्रवार को सरायमीर थाने में कस्बे के नई बाजार मुहल्ला निवासी अमित कुमार साहू के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। उनका आरोप था कि सोशल साइट पर अमित साहू ने उनके धर्म के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की है।
पुलिस केस दर्ज कर अमित साहू को गिरफ्तार कर ली। शनिवार को पुुलिस अपनी अगली कोई कार्रवाई करती कि इससे पहले ही एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष कलीम जमई, नदीम, मुमताज कुरैशी आदि अपने तमाम समर्थकों के साथ बाजार की दुकानों को जबरन बंद कराने लगे।
जो विरोध किया उसकी जबरन दुकान बंद कराए। इसके बाद लोग थाने पहुंचकर घेराव कर लिया। थाने के भीतर एसडीएम निजामाबाद, सीओ फूलपुर कई थानों की फोर्स के साथ बातचीत कर रहे थे। एसडीएम ने कहा कि अमित साहू का अभी चालान होने दिजिए। बाद में इस पर एनएसए लगा दी जाएगी।
लेकिन लोग तत्काल एनएसए लगाने की जिद करते हुए थाने में तोड़फोड़, पथराव करने लगे। पुलिस बड़ी मुश्किल से हालात पर काबू पा सकी। उपद्रव के दौरान मनबढ़ों ने बाजार में भी तोड़फोड़ किया। लोगों को पीटा। अब तक इस मामले में दो मुकदमे पुलिस की तरफ से और दो मुकदमे आम जनता की तरफ से दर्ज कराई गई है। सभी मामलों का मुख्य आरोपी कलीम जामई सहित अन्य लोग हैं।
पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए घटना के बाद से ही लगातार दबिश दे रही। सर्विलांस सेल के जरिए लोकेशन मिलने पर पुलिस दबिश दे रही, लेकिन आरोपी वहां नहीं मिले। सीओ फूलपुर रविशंकर प्रसाद ने बताया कि घटना के समय ही 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। लेकिन मुख्य आरोपी कलीम जामई सहित अन्य अभी भी फरार हैं। गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अभी तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है।
तीन दिन बाद करेंगे आंदोलन
सरायमीर। धार्मिक टिप्पणी से नाराज मनबढ़ों द्वारा शनिवार को हुई हिंसक घटना के तीसरे दिन सोमवार को हिन्दू समाज पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेशमणि त्रिपाठी सरायमीर बाजार पहुंचे। वहां भाजपा नेता छोटेलाल जायसवाल और उनके बेटे भाजपा नेता अखिलेश जायसवाल से मिले।
साथ ही टिप्पणी के मामले में आरोपी बनाए गए अमित साहू के परिवार से भी मिलकर घटनाक्रम की जानकारी ली। राजेश मणि त्रिपाठी ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर पुलिस मुख्य आरोपी सहित अन्य को नहीं गिरफ्तार कर सकी तो चौथे दिन से हमारी पार्टी के लोग आंदोलन शुरू कर देंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस अवसर पर पार्टी के पूर्वांचल प्रभारी गणेश सिंह पहलवान आदि लोग मौजूद रहे।