रानी की सराय में सजी रंगों और पिचकारी के साथ मुखौटों की दुकान। संवाद
रानी की सराय। बाजार पर इस बार होली का गाढ़ा रंग चढ़ा है। बच्चों से लेकर युवा और वयस्क सभी होली की खुशियों में सराबोर होने को तैयार हैं। इस बार बाजार में तरह-तरह के मास्क, टोपी और विग की धूम है। पावर रेंजर, और स्पाइडर मैन वाले मास्क 25 से 30 रुपये प्रति पीस के हिसाब से बिक रहे हैं। सिंघम स्टाइल वाले गोल्डन मास्क की कीमत 50 रुपये है। इसके अलावा हर्बल अबीर-गुलाल एवं बच्चों के लिए विभिन्न एनिमल और घोस्ट मास्क भी है। नेताओं, क्रिकेटर से लेकर डोरेमोन, पावर रेंजर आदि के मुखौटों की खासी मांग है। कस्बे की दुकानों में गोरिल्ला मास्क 30 रुपये प्रति पीस के हिसाब से बिक रहे हैं, वहीं जूट की टोपी और राजस्थानी स्टाइल की पगड़ी के 12 पीस 480 रुपये में मिल रहे हैं। वहीं, इस बार आर्टिफिशियल बालों (विग) की भी खूब डिमांड है। शाहरुख, कैटरीना से लेकर मलिंगा स्टाइल वाली विग भी लोग खरीद रहें हैं। दुकानदार कन्हैया गुप्ता ने बताया कि पिछली बार होली पर भी बाजार में लोगों ने बड़ी संख्या में मोदी जी के चेहरे वाले मास्क पहनकर रंगों का आनंद लिया था, और इस बार भी इनकी मांग काफी ज्यादा है।