मेजवां। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सुदनीपुर गांव के बेलहिया पुरवा के पास शाहगंज की तरफ जा रही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार में सवार तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की मौत हो गई। वहीं दो अन्य का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
फूलपुर कोतवाली के सदरपुर बरौली गांव निवासी फिरोज (18), नियाऊज गांव निवासी उमर (20) व निजामाबाद थाना के तोवां गांव निवासी वकाश (21) एक प्राइवेट विद्यालय में पढ़ते है। शनिवार की सुबह तीनों कोचिंग करने के लिए अपने-अपने घरों से निकले थे। दिन में लगभग साढ़े ग्यारह बजे तीनों एक कार में सवार होकर शाहगंज की तरफ जा रहे थे। अभी उनकी कार सुदनीपुर गांव के बेलहिया पुरवा के पास पहुंची थी कि अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में कार में सवार तीनों छात्र घायल हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने आनन-फानन में तीनों को दुर्घटनाग्रस्त कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीक के प्राइवेट अस्पताल ले जाकर भर्ती कराए। जहां वकास की कुछ ही देर बाद मौत हो गई। जबकि अन्य दोनों घायलों का इलाज चल रहा है। सूचना पर पहुंची फूलपुर कोतवाली पुलिस ने मृतक के शव व दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक के पिता रोजी-रोटी के लिए विदेश रहते हैं। हादसे की जानकारी घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।