आजमगढ़। कोरोना संक्रमण के दूसरी लहर का प्रकोप हर दिन रिकॉर्ड तोड़ रहा है। शुक्रवार को एक बार फिर रिकॅार्ड टूटा और नए मरीजों की संख्या तीन सौ के पास तक पहुंच गई। शुक्रवार को कुल 322 नए संक्रमित मिले वहीं पांच लोगों की मौत हो गई। तेजी से बढ़ रही संक्रमितों की संख्या ने स्वास्थ्य महकमे को हिला कर रख दिया है। हर तरफ हड़कंप मचा हुआ है तो वहीं पंचायत चुनाव आग में घी डालने का काम कर रहा है। स्थानीय लोगों में संक्रमण की रफ्तार काफी तेज हो चुकी है और संक्रमण पर लगाम की सारी कवायद फेल साबित हो रही है। वहीं होम क्वारंटीन की व्यवस्था भी संक्रमण को बढ़ाने में सहायक साबित हो रहा है।
सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को कोरोना संक्रमण की रफ्तार और तेज दिखायी दी। शुक्रवार को नए मरीजों के मिलने का आकड़ा तीन सौ के पास तक पहुंच गया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को देर शाम तक कुल 322 नए संक्रमित मिलने की पुष्टि हुई थी। वहीं इस आकड़े में रात तक और बढ़ोत्तर हो सकती है, क्योंकि कोविड वेवसाइड में कुछ तकनीकी दिक्कत आ जाने के चलते नए संक्रमितों का डाटा एकत्र करने में कुछ दिक्कत भी आयी।
लखनऊ मुख्यालय से समस्या दूर कराने में स्वास्थ्य महकमे की टीम देर रात तक जुझती रही। सीएमओ ने बताया कि जिले में एक्टिव केसों की संख्या जहां 1600 के पार पहुंच गई है तो वहीं अब तक कुल मिले पॉजिटिव मरीजों की संख्या भी आठ हजार को पार करने वाली है। स्थानीय स्तर पर संक्रमण की रफ्तार काफी तेज है। नियंत्रण को सारे प्रयास किए जा रहे है। शहरी इलाके में शुक्रवार को भी ज्यादा संक्रमित मिले है। अभी भी काफी संख्या में लोग बाजारों में बिना मास्क के नजर आ रहे है तो वहीं पंचायत चुनाव प्रचार के दौरान तो सोशल डिस्टेंसिंग की जम कर धज्जियां उड़ रही है।
कोरोना संक्रमण से पांच की हुई मौत
आजमगढ़। नये संक्रमित मिलने की रफ्तार जहां बढ़ी है तो वहीं मौत का सिलसिल भी तेज होता जा रहा है। बृहस्पतिवार को एक मरीज की कोरोना से मौत हुई थी तो वहीं शुक्रवार को राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती पांच करोना पॉजिटिव मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो गई। नोडल अधिकारी डॉ. दीपक पांडेय ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम सात बजे से शुक्रवार की शाम सात बजे के बीच कुल पांच कोरोना मरीजों ने दम तोड़ा है। जिनका कोरोना गाइड लाइन के अनुसार अंतिम संस्कार कराया जा रहा है।
3122 लोगों ने लगवाया टीका
आजमगढ़। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुक्रवार को 45 बूथों पर टीकाकरण का आयोजन किया गया। बढ़ते संक्रमण को देखते हुए टीकाकरण की रफ्तार भी तेज हो गई है। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को कुल 4500 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था जिसके सापेक्ष 3122 लोगों ने बूथों पर पहुंच कर अपना टीकाकरण कराया।
सीएचसी मुबारकपुर में भी कोरोना
मुबारकपुर। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी कोरोना संक्रमण ने दस्तक दे दी है। स्वास्थ्य केंद्र का एक कर्मचारी जहां जांच में पॉजिटिव पाया गया है तो वहीं एक महिला स्वास्थ्य कर्मी के पति की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। सीएचसी में कोरोना की दस्तक से अन्य कर्मियों में हड़कंप मच गया है।