आजमगढ़। समाजवादी पार्टी की महिला इकाई ने मैनपुरी से लोकसभा सांसद डिंपल यादव पर मौलाना साजिद रशीदी द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व महिला इकाई की राष्ट्रीय महासचिव सुनीता सिंह ने किया।
सुनीता सिंह ने कहा कि मौलाना का बयान न केवल नारी गरिमा का अपमान है, बल्कि महिलाओं के सामाजिक सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस अभद्र टिप्पणी के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर मौलाना की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि मौलाना साजिद रशीदी को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस मौके पर महिला इकाई की कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं और एक स्वर में ऐसी मानसिकता के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।