सगड़ी। तहसील क्षेत्र के जीयनपुर में सोमवार की शाम बसपा की तरफ से लोकसभा उपचुनाव के मद्देनजर सोमवार को सभा का आयोजन किया गया। सभा में बसपा प्रत्याशी शाह आलम गुड्डू जमाली ने लोगों से अपने पक्ष में समर्थन मांगा। शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने कहा कि सपा के लोग आजमगढ़ को अपनी जागीर समझते हैं। मुसलमान सपा का गुलाम नहीं है। सपा मुसलमानों से सिर्फ वोट लेना जानती है जब उनकी बारी आती है तो किनारा कर लेती है। समाजवादी पार्टी आजमगढ़ को सपा का गढ़ मानती है, इसलिए एक ही परिवार के लोग यहां आकर बार-बार चुनाव लड़ते हैं और चुनाव जीतने के बाद दिखाई नहीं देते हैं। लेकिन अबकी बार यहां की जनता उनको सबक सिखाएगी। आज बुलडोजर लगाकर हमारे धर्म गुरुओं के मकान गिराए जा रहे हैं। वहीं सपा मुसलमानों पर हो रहे जुल्म का विरोध नहीं कर रही है। अगर कोई लड़ाई लड़ सकता है तो वह मुसलमान और दलित ही लड़ सकता है। अगर कोई समाज का भला कर सकता है तो बसपा ही कर सकती है। मुसलमान सपा का गुलाम नहीं है। सभी मुसलमान भाइयों को एकजुट होकर अपने गांव और जिले के बेटे के साथ खड़े होने की जरूरत है। इस मौके पर नेहाल मेंहदी, कुर्बान आजमी, अमीन आजमी, सुबहान खान, मतलूब आलम, अश्वनी कुमार, पूर्व मंत्री मसूद, मतलूब आलम, अर्जुन कुमार, वहाब खान आदि मौजूद थे।