आजम खान की जमानत को लेकर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए धर्मेंद्र यादव ने कहा कि कुछ लोग अपने मुकदमे वापस लेकर दूसरों को ज्ञान देते हैं। उन्होंने आजम खान के मामलों में सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट की टिप्पणियों का हवाला देते हुए प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
खाद-बीज की किल्लत और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा
धर्मेंद्र यादव ने कहा कि इस समय बुवाई का सीजन चल रहा है, लेकिन किसानों को खाद और बीज के लिए परेशान होना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री को आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति छोड़कर किसानों को खाद, बीज, बिजली और पानी उपलब्ध कराने, फसलों का उचित मूल्य दिलाने और मंडियों को व्यवस्थित करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने बेरोजगारी और पेपर लीक की घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार को नौजवानों के भविष्य की चिंता करनी चाहिए। धर्मेंद्र यादव के बयानों से भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।