पुलिस लाइन सभागार में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में शहर कोतवाल, एसओ तहबरपुर व अतरौलिया को एसपी अनुराग आर्य ने कड़ी चेतावनी दिया है। वहीं मार्च माह में बेहतर काम करने वाले सीओ फूलपुर, एसओ तरवां, एसओ सिधारी व रौनापार के साथ ही चौकी प्रभारी मुबारकपुर को सम्मानित भी किया गया।
मासिक अपराध गोष्ठी (क्राइम मिटिंग) में सबसे पहले मार्च माह से जनपद में शुरू की गई मूल्यांकन प्रणाली की समीक्षा की गई। इस प्रणाली में 30 बिंदुओं का समावेश कर उन पर सीएओ, एसओ व चौकी प्रभारियों को रैंक दिया गया। इसमें प्रार्थना पत्र, आईजीआरएस, एफआईआर पंजीकरण, घटना का अनावरण, अपराधियों की गिरफ्तारी, वारंटी गिरफ्तारी, त्रिनेत्र एप में अपराधी का डाटा फीड करना, गुंडा एक्ट में कार्रवाई आदि के धनात्मक अंक व आमजनता से दुर्व्यवहार, भ्रष्टाचार की शिकायत, अपराधी के फरार रहने, समन तामील न कराने आदि में ऋणात्मक अंक दिए गए। मूल्यांकन प्रणाली में कुल 30 बिंदू शामिल है। जिस भी थाना व सीओ सर्किल को सर्वाधिक अंक प्राप्त होंगे वह ही संबंधित माह का सर्वश्रेष्ण घोषित होगा। समीक्षा के दौरान शहर कोतवाल, एसओ अतरौलिया व तहबरपुर सबसे नीचे पायदान पर पाए गए। जिस पर एसपी ने कड़ी चेतावनी देते हुए आगामी 30 दिनों में रैकिंग में सुधार लाने का निर्देश दिया है। वहीं मार्च माह की रैकिंग के अनुसार थाना व प्रभारियों में पहले स्थान पर बसंत लाल थाना तरवां व समस्त पुलिसकर्मी, दूसरे स्थान पर रूपेश सिंह थाना सिधारी व समस्त पुलिस कर्मी, तीसरे स्थान पर राम प्रसाद बिंद थाना रौनापार व समस्त पुलिस कर्मी शामिल है। इसके अलावा चौकी प्रभारियों में एसआई राजीव सिंह चौकी मुबारकपुर को पहला स्थान मिला है। सीओ सर्किल की बात की जाए तो डिप्टी एसपी अनिल वर्मा (सीओ फूलपुर) पहले स्थान पर रहे। इन सभी को एसपी ने प्रशस्ति पत्र व ट्राफी आदि देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा एसओ मेंहनगर एसआई सच्चिदानंद को मिले गोल्ड मेडल को भी एसपी ने भेंट किया। बैठक में एएसपी ग्रामीण अरूण कुमार दीक्षित, एएसपी यातायात संजय कुमार समेत सभी क्षेत्राधिकारी, कोतवाली व थाना प्रभारी आदि मौजूद रहे।