शिवपाल यादव ने कहा कि प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, जबकि सरकार रात में सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करती है। उन्होंने भाजपा के नारे “सबका साथ, सबका विश्वास” पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने किसी को भी विश्वास में नहीं लिया, यहां तक कि विपक्ष को भी नहीं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और गड्ढा मुक्त सड़कों का दावा भी पूरी तरह फेल साबित हुआ है।
इस दौरान ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर दर्ज मुकदमे को लेकर भी उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा सरकार झूठे मुकदमे दर्ज कराती है, लेकिन अदालत से ही न्याय मिलेगा। वहीं नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि हम लोग तो उन्हें दो बार प्रधानमंत्री बनाना चाहते थे, लेकिन वे राज्यसभा जाकर ही खुश हो गए।
शिवपाल यादव ने कहा कि बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर के दामों से जनता परेशान है। ऐसे में 2027 के चुनाव में समाजवादी पार्टी संगठन को मजबूत कर आजमगढ़ की सभी 10 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी और प्रदेश में सरकार बनाएगी।