सर्किट हाउस में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश सिंह यादव से मिलने के लिए कार्यकर्ताओं की भीड़।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। निजी कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए दो दिवसीय दौरे पर आजमगढ़ पहुंचे पूर्व सीएम एवं सांसद अखिलेश यादव को लेकर जनपद का माहौल दूसरे दिन भी गरम रहा। विधायक दुर्गा यादव के हर्रा की चुंगी स्थित आवास पर निजी कार्यक्रम में पहुंचे अखिलेश यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार को निशाने पर रखा। साफ कहा कि भाजपा सरकार आजमगढ़ के साथ भेदभाव करती है। आजमगढ़ लोकसभा सीट से सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि सबके विकास का दावा करने वाली भाजपा सरकार जानबूझ कर सपा सरकार में शुरू की गई परियोजनाओं को लटका रही है। रानी की सराय में चले जाइये, वहां की सड़क की हालत देखिए। हमने सठियांव चीनी मिल को शुरू कराया, उसे बदहाली में पहुंचा दिया गया है। किसानों को गन्ने का भुगतान नहीं किया जा रहा है। पिछले साल का भी अभी करोड़ों रुपया बकाया है। पंजाब के किसानों ने कृषि कानूनों के खिलाफ बिगुल फूंक रखा है, इसके लिए उन्हें बधाई। आंदोलन से पहले किसानों ने अपील की थी कि कोई राजनीतिक दल उनका समर्थन न करें, हमने राजनीतिक दल के रूप में उनका समर्थन नहीं किया है, लेकिन हम भी किसान हैं। एक किसान के रूप में समाजवादियों का किसानों को समर्थन है। किसान केवल अपनी फसल का समर्थन मूल्य मांग रहे हैं। इसको लेकर उनको गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने पिछले दिनों सपा के आंदोलन व खुद पर बैरिकेडिंग तोड़ने के आरोप पर कहा कि हमारे बगल में मंत्रियों का घर, पीछे थाना और तमाम अन्य वीआईपी लोगों के घर होने के चलते वहां से नहीं निकल सकते थे। सामने बैरिकेडिंग से ही जा सकते थे। लेकिन इसके बाद भी उनपर आरोप लगाकर गिरफ्तार किया गया। बीजेपी खुद गाइडलाइन का पालन नहीं कर रही है। हैदराबाद हो या बिहार के चुनाव बीजेपी सरकार भीड़ इकट्ठा करने में लगी रही। यह लोग सिर्फ शिलान्यास का शिलान्यास और उद्घाटन का उद्घाटन करना जानते हैं। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का निर्माण चार वर्षों से हो रहा है जो अब तक नहीं हो सका है। अगली सरकार सपा की बनेगी और आगरा एक्सप्रेस की तरह ही हम इस पर हवाई जहाज उतारेंगे।