आजमगढ़। बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर प्रशासनिक अमले के साथ ही पुलिस महकमा भी बुधवार को पुरी तरह से सक्रिया हो गया। एसपी स्वयं जहां मास्क चेकिंग अभियान को लेकर सड़क पर उतर पड़े तो वहीं एसपी ट्रैफिक के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने शहर में पैदल चक्रमण कर कोरोना गाइड लाइन का अनुपालन कराने की कवायद में जुटी नजर आई। एसपी के नेतृत्व में बिना मास्क व बिना जरूरत सड़क पर घूम रहे लोगों का चालान भी काटा गया।
देर से ही सही पुलिस महकमे की भी नींद टूटी। कोरोना के तेजी से बढ़ते संक्रमण को लेकर प्रशासन के साथ ही पुलिस महकमा भी गाइड लाइन का अनुपालान कराने को लेकर सख्ती की शुरुआत कर दिया है। एसपी सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने शहर के रोडवेज क्षेत्र में घंटो चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना मास्क व बिना जरूरत घूम रहे लोगों का चालान काटा गया।
वहीं बिना मास्क के जरूरी कार्य के लिए निकले लोगों में मास्क का वितरण भी किया गया। रोडवेज बसों में सवार यात्रियों के मास्क की भी चेकिंग की गई और जो भी यात्री बिना मास्क के बसों में बैठे थे, उन्हें मास्क लगाने का निर्देश दिया गया। इस दौरान कुल 90 लोगों का चालान कर शमन शुल्क के रुप में 9000 रुपये वसूल किए गए। वहीं एसपी यातायात सुधीर कुमार जायसवाल के नेतृत्व में शहर कोतवाली पुलिस की टीम शहर में चक्रमण किया और लोगों को मास्क लगाने व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की हिदायत भी दिया।
पुलिस की सख्ती का दिशा असर, मचा रहा हड़कंप
आजमगढ़। कोरोना गाइड लाइन का कड़ाई से अनुपालन कराने की जिम्मेदारी पुलिस महकमे की ही है। इसके बाद भी पुलिस महकमा अब तक सो रहा था। जिसका परिणाम है कि कोरोना का संक्रमण काफी तेजी से फैला। अमर उजाला बार-बार महकमे को अपनी खबरों के माध्यम से आगाह करता रहा लेकिन महकमे की कुंभकर्णी नींद नहीं खुल रही थी। बुधवार को महकमा जागा और गाइड लाइन के अनुपालन को लेकर सख्ती की शुरूआत किया। अब महकमे की इस कवायद की लगातार जरूरत है, क्योकि वर्तमान में जो स्थिति है, उसमें यदि अब भी सख्ती नहीं बरती गई तो फिर कोरोना के संक्रमण को कंट्रोल करना मुश्किल हो जाएगा।
एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना का संक्रमण की रफ्तार काफी तेज हो चुकी है। ऐसे में बिना जरूरत घर से न निकले। मास्क व सोशलडिस्टेंसिंग का अनुपालन सभी के लिए अनिवार्य है। मास्क लगा कर भी यदि बिना जरूरत कोई सड़क पर नजर आएगा तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। लगातार अभियान चलेगा और कोरोना गाइड लाइन का कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा।