आजमगढ़। खाद, बीज, दवा आदि के लिए किसानों को कई दुकानों का चक्कर काटना पड़ता है। लेकिन अब कृषि विभाग किसानों को इस परेशानी से निजात दिलाने की तैयारी में हैं। उसके द्वारा एग्रीजक्शन वन स्टाप शाप योजना शुरू की जा रही है। जहां किसानों को एक छत के नीचे कृषि संबंधित सारा सामान मिल जाएगा।
प्रभारी उप कृषि निदेशक डा. उमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि जनपद आजमगढ़ के किसानों के लिए अच्छी खबर है कि अब उन्हें कृषि संबंधित जरूरी सामानों के लिए दुकान-दुकान नहीं भटकना पड़ेगा। बहुत जल्द ही उन्हें एक ही छत के नीचे कृषि संबंधित सारा सामान मिल जाया करेगा। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग की मदद से जिले में वर्ष 2020-21 में 30 एग्रीजंक्शन खोले जाएंगे, जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। कृषि में स्नातक अथवा परास्नातक बेरोजगार युवाओं को कृषि विभाग द्वारा संचालित एग्रीजक्शन ‘‘वन स्टॉप शॉप’’ योजना के तहत चयनित कर प्रशिक्षण ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान केंद्र पर उद्यमिता से सम्बन्धित 12 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।