बलरामपुर। जिला महिला अस्पताल में मई माह से सोनोग्राफी सेवा बंद होने से गर्भवती महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिदिन ओपीडी में आने वाली 150 से 200 महिलाओं में से 30 से 40 गर्भवती महिलाओं को जांच की आवश्यकता होती है, लेकिन अस्पताल में सुविधा ठप होने के कारण उन्हें निजी केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है, जहां 800 से 1500 रुपये तक खर्च करना पड़ता है।
चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. विनय कुमार सिंह यादव ने बताया कि अस्पताल में कार्यरत एमडी रेडियोलॉजिस्ट छह माह की ट्रेनिंग के लिए गए हैं, जिसके कारण अस्थायी रूप से सेवा बाधित है। उन्होंने कहा कि दिसंबर माह में रेडियोलॉजिस्ट की वापसी के बाद सोनोग्राफी सेवा पुनः शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल जिन मरीजों को जांच की आवश्यकता है, उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया जा रहा है, जहां यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है।
महिलाओं का कहना है कि सरकारी अस्पताल में मुफ्त जांच का दावा तो किया जाता है, लेकिन सुविधा न होने से मजबूरन निजी केंद्रों पर जांच करानी पड़ रही है, जिससे गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
सीएमओ डाॅ. एनआर वर्मा ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट की कमी पूरे प्रदेश में एक बड़ी समस्या है, जिसे दूर करने के प्रयास जारी हैं। दिसंबर में सेवा बहाल होने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे गर्भवती महिलाओं को राहत मिल सकेगी।