इसके साथ ही वह यात्रा के दौरान 16 राज्यों के मुख्यमंत्री, 17 प्रांतों के राज्यपाल व 15 प्रदेशों के पुलिस प्रमुखों तथा लगभग 100-100 आईएएस और आईपीएस अधिकारियों से मुलाकात कर चुकी है। आशा ने बताया कि यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से भी मिलने इच्छा है। अपने संदेश में उन्होंने महिलाओं के बारे में कहा कि उनके मन में यह बात बैठाने की जरूरत है कि हमारे देश में महिलाएं सुरक्षित हैं और उनकी सुरक्षा के प्रति देश एवं प्रदेश की सरकारों द्वारा बराबर ध्यान दिया जा रहा है।
आशा ने कहा कि हम महिलाओं को भी अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना होगा। सारी जिम्मेदारी केवल सरकार की ही नहीं है। उन्होंने देश के युवाओं के बारे में कहा कि युवा पीढ़ी को अपने काम में असफल होने पर निराशा के भाव मन से निकाल कर हिम्मत से काम ले। हार के आगे जीत की धारणा मन में बैठा कर युवा आगे बढ़ सकते है। आशा ने बताया कि 15 अगस्त को देश की राजधानी दिल्ली पहुंच कर वह अपनी यात्रा को विराम देंगी।