मार्टीनगंज (आजमगढ़)। विकास खंड की 72 ग्राम पंचायतों में मतदान के लिए कुल 272 बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर मतदान कराने के लिए रविवार को विकास खंड परिसर में पोलिंग पार्टियों की रवानगी हुई। रवानगी के दौरान मतदान कर्मियों द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ाई गई।
सुबह आठ बजे से ही विकास खंड में मतदान कर्मियों का पहुंचना शुरू हो गया था। अपनी ड्यूटी के संबंध में जानकारी के लिए मतदान कर्मी एक काउंटर से दूसरे काउंटर पर दौड़ते रहे। जानकारी के लिए लंबी लाइन लगानी पड़ी जिससे मतदान कर्मी शारीरिक दूरी का पालन नहीं कर पाए। गेट पर ही सैनिटाइजेशन के लिए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को लगाया गया था और सभी लोगों को मास्क लगाकर के परिसर में दाखिल होना था। उसका पालन तो जरूर कराया गया लेकिन अपनी ड्यूटी को पता करने के लिए या मत पेटी मत पत्र प्राप्त करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
उस दौरान कहीं भी किसी भी कर्मचारी या सुरक्षाकर्मी को शारीरिक दूरी का पालन करते हुए नहीं देखा गया। अगर इस भीड़ में एक भी करोना संक्रमित व्यक्ति प्रवेश करता तो हजारों लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है जो काफी भयावह स्थिति बन सकती है। मतदान कर्मियों को शारीरिक दूरी का पालन कराने के लिए जिन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी वह भी इस व्यवस्था को सही करने में अक्षम दिख रहे थे। एसडीएम दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है ।सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को सूचना उपलब्ध करा दी गई है। मतदान कर्मी अपने अपने बूथों की मतदान समग्री प्राप्त कर मिलान करने के बाद मतदान कराने के लिए अपने निरधारित बूथों की तरफ रवाना हो चुके हैं।