गन्ना आयुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने कहा कि जनसंख्या में तेजी से वृद्धि ने एक भीषण सामाजिक संकट खड़ा कर दिया है। इस पर अंकुश लगाने के लिए सामाजिक जनगणना पर विशेष बल देने की जरूरत है।
वे 'जनसंख्या वृद्धि एवं सामाजिक असंतुलन' विषय पर डीएवी पीजी कालेज और इंटरनेशनल गुडविल सोसाइटी आफ इंडिया द्वारा गुरुवार की देर शाम महाविद्यालय परिसर में आयोजित संगोष्ठी में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश की बड़ी समस्याओं के निदान के प्रयासों के चलते समस्याओं की भीषणता तो कम हुई लेकिन पूर्ण रूप से उनका समाधान नहीं हो सका।
उन समस्याओं में एक जनसंख्या में तेजी से वृद्धि ने एक भीषण सामाजिक संकट खड़ा कर दिया है। उन्होंने जनसंख्या वृद्धि रोकने के लिए सामाजिक जनगणना पर विशेष बल दिया।
बीएचयू के प्रोफेसर डा. अजीत कुमार पांडेय ने कहा कि जनसंख्या वृद्धि रोकने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास नहीं किया गया तो सामाजिक संतुलन बिगड़ने से देश भीषण संकट में पड़ जाएगा। बीएचयू के ही डा. एसडी शर्मा ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या का सीधा प्रभाव देश की प्रगति पर पड़ता है।
पंडित बजरंग त्रिपाठी ने कहा कि निर्धनता अनेक समस्याओं की जड़ है और अत्यधिक आबादी उनमें से एक है। इस मौके पर डा. बीपी सिंह, रेखा श्रीवास्तव, डा. नादिर, श्रीकांत तिवारी आदि मौजूद थे।