आजमगढ़। सगड़ी तहसील के पलिया गांव में हुई घटना की मजिस्ट्रियल जांच होगी। वहीं एसओ रौनापार को लाइन हाजिर कर दिया गया है। डीएम ने एसडीएम लालगंज को जांच अधिकारी नामित किया है।
पलिया गांव में 29 जून को दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। जिसकी सूचना पर पहुंचे दो पुलिस कर्मियों पर ही हमला हुआ था। इस मामले में पुलिस ने गांव के प्रधान पति मुन्ना पासवान समेत दर्जन भर नाम व कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। रातोरात पुलिस ने जेसीबी लगा कर प्रधान पति के अलावा उसके आधा दर्जन समर्थकों के मकान का कुछ हिस्सा गिरवा दिया। इतना ही नहीं घर में घुस कर तोड़फोड़ भी की गईथी। हालांकि पुलिस ऐसी किसी कार्रवाई से इंकार कर रही है। घटना को लेकर गांव की महिलाओं ने धरना प्रदर्शन शुरू किया तो कांग्रेस पार्टी ने उसे अपना समर्थन दे दिया। प्रियंका गांधी व मायावती द्वारा इस प्रकरण में ट्वीट के बाद जिलाधिकारी ने मंगलवार केे अधिकारियों की टीम गांव में भेजी। इसके बाद एसओ रौनापार तारकेश्वर राय को लाइन हाजिर कर दिया। इसके साथ ही घटना के मजिस्ट्रियल जांच का आदेश दिया। एसडीएम लालगंज को जांच अधिकारी नियुक्ति किया गया है।