आजमगढ़। जनपद में अभी तक हाथों के सहारे की ट्रैफिक कंट्रोल किया जा रहा है। इसे देखते हुए आजमगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) को ट्रैफिक सिग्नल लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एडीए खुद के संसाधन से इन ट्रैफिक सिग्नलों को हर चौराहे और तिराहे पर लगवाएगा। वर्तमान में ट्रैफिक सिग्नलों पर स्मार्ट कैमरे लगाए जा रहे हैं जो ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले का ऑटोमेटिक चालान काटेंगे।
नगर क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था कहीं ट्रैफिक पुलिस तो कहीं पीआरडी और होमगार्ड के जवान संभालते हैं। इससे नगर क्षेत्र में कई जगहों पर जाम की समस्या आती है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने हर चौराहे और तिराहे पर ऑटोमेटिक ट्रैफिक सिस्टम लगाने का निर्णय लिया है। इसकी जिम्मेदारी आजमगढ़ विकास प्राधिकरण को सौंपी गई है। प्राधिकारण खुद के संसाधन से चौराहों और तिराहों पर ट्रैफिक सिग्नलों को लगाएगा। हालांकि यह योजना बनी तो कई साल पहले थी लेकिन अब तक यह फाइलों में दम तोड़ रही थी। लेकिन, अब जल्द ही इसके परवान चढ़ने की उम्मीद जग गई है। क्योंकि प्रशासन ने एडीए को लगाने का निर्देश दिया है। वहीं शहरी क्षेत्र में जगह-जगह एडीए की ओर से स्मार्ट कैमरे लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। ऐसे में सतर्क रहे कहीं किसी चौराहे और तिराहे पर आपका भी चालान न कट जाए।
बैठक में यह योजना तैयार हुई है। इसे लगाने की जिम्मेदारी एडीए को सौंपी गई है। एडीए की ओर से स्मार्ट कैमरों को लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। ये कैमरे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों का स्वत: ही ऑनलाइन चालान काटेंगे। - विवेक त्रिपाठी, एसपी यातायात।
एडीए खुद के संसाधन से ट्रैफिक सिग्नल लगाएगा। कैमरे लगने के बाद इन्हें यातायात विभाग को सौंप दिया जाएगा। यातायात विभाग की इसका संचालन करेगा। - राहुल विश्वकर्मा, एडीएम प्रशासन व एडीए सचिव।