जिले में स्वयं सहायता समूहों के गठन की रफ्तार लक्ष्य के सापेक्ष धीमी मिलने पर सख्ती शुरू हो गई है। जिले के सभी विकासखंडों के ब्लॉक मिशन मैनेजर (बीएमएम) को समूह गठन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
चालू वित्तीय वर्ष में जिले में 30,205 नए स्वयं सहायता समूह गठित करने और इनके माध्यम से 4,85,825 महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 10,477 समूहों का ही गठन हो सका है, जबकि 1,38,499 महिलाएं समूहों से जुड़ पाई हैं।
समूह गठन की प्रगति की समीक्षा में 22 विकासखंडों में अपेक्षित उपलब्धि नहीं मिलने पर उपायुक्त स्वत: रोजगार डॉ. आराधना त्रिपाठी ने संबंधित विकासखंडों के बीएमएम को चेतावनी दी है। उन्होंने कम प्रगति का कारण स्पष्ट करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है। विभाग का जोर अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को समूहों से जोड़ने पर है, ताकि वे समूहों के माध्यम से आर्थिक गतिविधियां शुरू कर सकें और परिवार की आय बढ़ाने में भागीदारी निभा सकें।
00 वर्जन
सभी ब्लॉकों के बीएमएम को लक्ष्य के सापेक्ष समूहों का गठन कर अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। इससे ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा सकेगा। -डॉ. आराधना त्रिपाठी, उपायुक्त स्वत: रोजगार