नवरात्र के पांचवें दिन स्कंदमाता के दर्शन-पूजन कर लोगों ने अपने को धन्य किया। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के देवी मंदिरों में मां के भक्तों का तांता लगा रहा। इस दौरान मां अंबे के जयकारे और घंटा-घडिय़ाल से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। चौक स्थित दक्षिणमुखी मां के मंदिर में भोर में ही भक्त आना शुरू हो गए थे। सूर्य उदय होते-होते मंदिर में भक्तों की लंबी लाइन लग गई। लाइन में लगे भक्त मां के दर्शन को लालायित दिखे। भक्तों ने मां को नारियल, चुनरी, फूल-माला चढ़ाया। इस दौरान भक्तों द्वारा लगाए जा रहे जयकारे से वातावरण मां मय हो गया। नगर के बड़ादेव देवी मंदिर, रैदोपुर दुर्गा मंदिर सहित चक्रपानपुर में टाड़ी में मां परमज्योति धाम पर भक्तों ने पूजन कर मन्नतें मांगी। निजामाबाद स्थित मां शीतला धाम पर गौरा के अवतार के दर्शन को भक्तों की लंबी कतार देखने को मिली। नगर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से आए हजारों की संख्या में मां के भक्तों ने दर्शन-पूजन कर परिवार की समृद्धि की कामना की। सुरक्षा के लिए पुलिस की तैनाती रही। उधर, महाराजगंज ब्लाक के मंदरेपुर स्थित मां कात्यायनी के दरबार में भक्तों ने हाजिरी लगाई। पल्हना के मां पाल्हमेश्वरी धाम पर भी भक्त मां की आराधना में डूबे रहे।