जिले के छह ब्लाकों पर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत होने वाले मतदान के लिए गुरुवार को पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। कुछ ब्लाकों पर दुर्व्यवस्था के चलते मतदानकर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पंचायत चुनाव के लिए शुक्रवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरु हो जाएगा। गुरुवार को दोपहर बाद पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई। प्रथम चरण के चुनाव को लेकर जिले की छह ब्लाकों पल्हनी, जहानागंज, रानी की सराय, सठियांव, मुहम्मदपुर और तहबरपुर में शुक्रवार को मतदान होगा। इसके लिए गुुरुवार को मतदानकर्मी सुबह ही अपने-अपने ब्लाकों पर पहुंच गए थे। दोपहर बाद से मतदानकर्मियों की रवानगी शुरु हुई। जो देर शाम तक चलती रही। कहीं-कहीं दुर्व्यवस्थाओं के चलते मतदानकर्मियों को समस्याओं का सामना करना पड़ा।
रानी की सराय संवाददाता के अनुसार प्रथम चरण मतदान के लिए ब्लाक मुख्यालय से गुरूवार को मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। ब्लाक मुख्यालय पर सुबह से ही मतदानकर्मी जुट गए थे। मौके पर रखी रिजर्व पार्टियां भुगतान की मांग करती रही, लेकिन कोई जबाव देने वाला नहीं था। इससे मतदानकर्मियों में नाराजगी दिखी।