भाई के साथ बाइक से स्कूल जा रही छात्रा की ट्रेलर से कुचलकर मौत हो गई, जबकि भाई घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल किशोर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर नगर के कटरा मोहल्ले में बुधवार सुबह स्कूल जा रही बाइक सवार छात्रा तहजीब (16) ट्रेलर की चपेट में आ गई। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि भाई रेयाज (15) गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर में भर्ती कराया गया है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया।
विज्ञापन
कैसे हुआ हादसा
मुबारकपुर नगर के पुरा रानी मोहल्ला निवासी गुलरेज अजीजी की पुत्री तहजीब (16) अपने चचेरे भाई रेयाज (15) पुत्र हुमायूं कबीर के साथ सेंट्रल पब्लिक स्कूल मुबारकपुर जा रही थी। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे दोनों कटरा मोहल्ले में पहुंचे थे, तभी सामने ट्रेलर आ गया।
अचानक ट्रेलर सामने आने से बाइक चला रहा रेयाज नियंत्रण खो बैठा। वह बाइक से छिटककर दूर जा गिरा, जबकि तहजीब ट्रेलर के पहिए के नीचे आकर दब गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रेयाज को उपचार के लिए सीएचसी मुबारकपुर पहुंचाया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया और छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक शशि चंद चौधरी ने बताया कि सड़क हादसे में छात्रा की मौत हुई है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। तहजीब दो बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसके पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में विदेश गए हुए हैं। हादसे की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।