06 : डीएम को ज्ञापन सौंपने पहुंचे कोठिया गांव के लोग।
जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के कोठिया और मझगांव गांव के मध्य बनाए गए नगरीय अपशिष्ट डंपिंग यार्ड से आसपास के ग्रामीणों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। कचरे के ढेर से उठने वाली दुर्गंध, धुआं और प्रदूषण से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को डीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए समस्या के समाधान की मांग की। कहा, सर आप ही बताएं कि कचरे के दुर्गंध और धुएं के बीच कैसे रहें।
ग्रामीणों का कहना है कि डंपिंग यार्ड से निकलने वाली तेज बदबू, धुएं और गंदगी के कारण आसपास के करीब दस गांवों का जीवन प्रभावित हो गया है। कचरे से पनपने वाले कीड़े-मकोड़े और मच्छरों के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। कोठिया निवासी मनोज कुमार पांडेय ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने मानकों की अनदेखी करते हुए आबादी के नजदीक डंपिंग यार्ड बना दिया है। ठोस कचरा प्रबंधन की उचित व्यवस्था न होने से ग्रामीणों के साथ-साथ पशुओं को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है और स्थिति इतनी खराब हो गई है कि कई परिवारों को मच्छरदानी के अंदर बैठकर भोजन करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले पांच वर्षों से वे इस समस्या को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है और कोई ठोस समाधान नहीं निकला। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही डंपिंग यार्ड की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस मौके पर प्रधान राहुल कुमार तिवारी, प्रधान काशीनाथ यादव, प्रधान प्रिंस यादव, प्रधान कुंती, प्रधान बिरजू यादव, साहित्यकार संजय कुमार पांडेय ‘सरस’, एडवोकेट शेषमणि तिवारी, एडवोकेट विनोद कुमार त्रिपाठी, एडवोकेट राजेश कुमार पांडेय, ओम प्रकाश सिंह, कैलाश सिंह आदि मौजूद रहे।