आजमगढ़। जनपद के स्थापना दिवस 18 सितंबर से 22 सितंबर तक प्रशासन आजमगढ़ महोत्सव 2024 का आयोजन करने की तैयारियों में जुटा हुआ है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम विशाल भारद्वाज ने सामाजिक संगठनों और महोत्सव में सहभागिता करने वाले लोगों को आयोजन की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि आजमगढ़ जनपद की स्थापना दिवस के अवसर पर 18 सितंबर से 22 सितंबर तक आजमगढ़ महोत्सव 2024 का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत सांस्कृतिक गायन, वादन, नृत्य, मिनी मैराथन, स्केट्स, नौका दौड़ आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव में सहभागिता के लिए आजमगढ़ एनआईसी की वेबसाइट पर ऑनलाइन व्यवस्था की गई है, उस पर फार्म उपलब्ध होंगे। उन्होंने जनपद से बाहर रह रहे लोगों से भी अपील की कि वे इस मौके पर जनपद में आएं। अपने घर परिवार से मिलें और इस महोत्सव में भी भागीदारी करें।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लोगों को जोड़ते हुए महोत्सव को सम्पन्न कराएं। जिसको जो दायित्व दिया गया है, उसका निर्वहन समय से करें। कार्यक्रम में पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। आजमगढ़ महोत्सव का प्रचार-प्रसार किया जाए। इस वर्ष आजमगढ़ महोत्सव कार्यक्रम को और बेहतर करने का प्रयास किया जाएगा। जिस कार्यक्रम के लिए जो आयोजन एवं नोडल बनाए गए हैं, वे आपसी समन्वय बनाते हुए बैठक करें एवं कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर कार्यक्रम को सम्पन्न कराएं।
00
10 सितंबर तक ऑनलाइन और ऑफलाइन जमा करें फार्म
उन्होंने बताया कि आजमगढ़ महोत्सव का तहसीलों में आयोजन 12 से 14 सितंबर तक किया जाएगा। उसके बाद हरिऔध कला केंद्र आजमगढ़ में 14, 15 एवं 16 सितंबर को आडिसन राउंड गायन एवं नृत्य का महासंग्राम कराया जाएगा। तहसील स्तर और महासंग्राम के विजेता मुख्य मंच पर प्रतिभाग करेंगे। सभी प्रतिभागियों के लिए नामांकन हेतु फार्म 5 सितंबर से ऑनलाइन और हरिऔध कला केंद्केर रिसेप्शन पर उपलब्ध होंगे। आॅफलाइन पंजीकरण के लिए हरिऔध कला केंद्र के रिसेप्शन पर संपर्कक रें। फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 10 सितंबर है।
बाॅडीवुड नाइट में पवनदीप और अरुणीता होंगे मुख्य आकर्षण
जिलाधिकारी ने बताया कि 18 सितंबर को बैंड नाइट (राजस्थानी डांस और साधो बैंड), 19 सितंबर को गजल/कामेडी नाइट (प्रतिभा सिंह बघेल एवं सुदेश लहरी, 20 सितंबर को ओल्ड इज गोल्ड नाइट (अल्ताफ रजा एवं ब्रदर्स डांस ग्रुप) का आयोजन होगा। 21 सितंबर को बाॅलीवुड नाइट (पवनदीप, अरुणीता एवं तनु श्रीवास्तव), 22 सितंबर को भोजपुरी नाइट (अक्षरा सिंह एवं आईजीटी डांस ग्रुप) एवं अन्य स्थानीय कलाकारों के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 22 सितंबर को आजमगढ़ महोत्सव के समापन समारोह के अवसर पर पुरस्कार वितरण एवं आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा।