नगर के मारवाड़ी धर्मशाला परिसर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का रविवार को सातवें दिन हवन, पूजन और भंडारे के साथ समापन हो गया। दुर्वासा महामंडलेश्वर श्री मौनी बाबा रामलाल दास जी महाराज ने कहा कि कथा श्रवण से समस्त पाप नष्ट हो जाते हैं।
कथा वाचक बालव्यास पंडित कौशल किशोर जी महाराज ने कहा कि मानव जीवन में सत्य, प्रेम और करूणा को आधार बनाकर सत, रज और तम को एकीभूत करते हुए ब्रह्म की उपासना कर भक्ति का सार तत्व प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने श्रीकृष्ण के चरित लीला का वर्णन करते हुए कहा कि श्री कृष्ण योगेश्वर हैं। पंडित सुभाष चंद्र तिवारी कुंदन ने श्री मौनी बाबा की आरती प्रस्तुत की और निर्भय गातीपुरी के भजनों से लोग झूम उठे। बीच-बीच में भक्तों के जयकारों से कथास्थल गूंजता रहा।
इस मौके पर पंडित बृजराज तिवारी, दीनानाथ लाल श्रीवास्तव, अवंतिका राय, ऐश्वर्य श्रीवास्तव, राय अपूर्व श्रीवास्तव, नरेंद्र कुमार राय, विवेकानंद गुप्त, पंकज पाठक, आरएल यादव, शंकर साहू के साथ ही काफी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। संचालन राय अनूप कुमार श्रीवास्तव ने किया।