सराफा मंडी में चांदी चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस। संवाद
नगर कोतवाली क्षेत्र के पुरानी कोतवाली स्थित सुनार मंडी में शनिवार की शाम दिल्ली पुलिस की टीम जनपद पुलिस के साथ एक सुनार की दुकान पर पहुंची। टीम ने ने दो लोगों को हिरासत में लिया और उन्हें कोतवाली ले गई।
टीम के साथ मौजूद उपनिरीक्षक शशिकांत यादव ने बताया कि दिल्ली में चांदी की चोरी हुई थी। चोरी के उस माल को यहां गलाया गया था। दिल्ली पुलिस ने चोरी के इस मामले में दिल्ली से तीन लोगों को पकड़ा था। पूछताछ के दौरान उन्होंने आजमगढ़ का नाम लिया।
इसके बाद दिल्ली पुलिस उन्हें लेकर यहां आई थी। उनकी निशानदेही पर इन लोगों को पुलिस ने पकड़ा है। लोगों ने बताया कि यह दुकान किसी शिवम ने किराये पर ले रखी है। वह दुकान पर मुंबई के समाधान को रखकर कारोबार कर रहा था।
पुलिस ने शिवम के साथ ही बंगाल के रहने वाले शहनवाज को भी हिरासत में लिया है। दिल्ली पुलिस दोनों को कोतवाली लाकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने में जुटी हुई है।