आजमगढ़ कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार की देर शाम विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान समेत अन्य विभागीय अधिकारियों संग जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने समीक्षा बैठक की। आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रगति खराब मिलने पर आयुष्मान कार्ड के नोडल अधिकारी डॉ. वाई प्रसाद को कारण बताओ नोटिस करने के निर्देश सीएमओ को दिए।
वहीं कम प्रगति वाले नीचे से पांच डीसीपीएम एवं सीएचओ का वेतन रोकने और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा। डीएम ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण (एक जुलाई से 31 जुलाई) एवं दस्तक अभियान (17 जुलाई से 31 जुलाई) और दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण एवं कार्यवाही के लिए विभिन्न विभागों के कार्य एवं दायित्व के निर्धारण से संबंधित द्वितीय जनपद स्तरीय अंतरविभागीय बैठक की।
उन्होंने कहा कि संचारी रोग, दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण तथा उसका त्वरित एवं सही उपचार कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनपद में तहसील, ब्लाक एवं ग्राम स्तर पर व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाते हुए मलेरिया एवं डेंगू वाले मच्छरों से बचाव हेतु लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में डीपीआरओ को एवं शहरी क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारी को जल जमाव वाले स्थानों को चिह्नित कर फॉगिंग एवं एंटीा लार्वा की एक्टिविटी बढ़ाने के लिए निर्देश दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आजाद भगत सिंह, सीएमओ डॉ. आईएन तिवारी, एसीएमओ डॉ. संजय कुमार, जिला महिला अस्पताल की सीएमएस व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।