बरदह/सरायमीर। दीदारगंज थाना क्षेत्र के गोसड़ी गांव के चट्टी पर स्थित किराना और चाय की दुकान में बृहस्पतिवार की रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग से दुकान जलकर राख हो गई। स्थानीय लोगों के अथक प्रयास के बाद भी दुकान में रखा सारा सामान जल गया। गोसड़ी गांव निवासी दिनेश गोंड गांव के चट्टी पर मंड़ई डाल कर किनारा व चाय की दुकान करता था। रोज की भांति बृहस्पतिवार की देर शाम वह दुकान बंद कर घर चला गया। देर रात अज्ञात कारणों से दुकान में आग लग गई। दुकान में आग लगते ही स्थानीय लोग आग बुझाने की कवायद में जुट गए। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक दुकान में रखा सारा सामान जल कर राख हो गया। शुक्रवार की सुबह जानकारी होने पर थाना पुलिस के साथ ही लेखपाल कृष्णकांत यादव भी मौके पर पहुंच कर जांच किए और सरकार से आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया। पीड़ित के अनुसार अगलगी की इस घटना में उसका लगभग 60 हजार रुपये का सामान जलकर राख हो गया है।