उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को खाद, बीज समय पर नहीं मिल रहे हैं, अधिकारी ब्लैक मार्केटिंग कर रहे हैं और बिजली कटौती आम है। शिवपाल यादव ने कहा कि प्रदेश में विकास ठप हो गया है और मुख्यमंत्री धर्म-मजहब की राजनीति के बजाय 25 करोड़ जनता पर ध्यान दें। उन्होंने गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी से जनता के त्रस्त होने की बात कही। प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल भी इसी शादी में शामिल होने आए थे और उन्होंने अनवरगंज में प्रेस प्रतिनिधियों से बात की।
पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी अपनी जाति के अपराधियों को संरक्षण देकर अपराध को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारें संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण को खत्म करना चाहती हैं। पाल ने कहा कि पिछड़े और दलितों के आरक्षण को लूटा जा रहा है, प्रोफेसर की भर्तियों में मुख्यमंत्री के सजातीय लोगों को रखा गया है।
श्यामलाल पाल ने कहा कि पिछड़े, दलित और महिलाओं को भर्तियों में जगह नहीं मिल रही है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में पीडीए योगी सरकार को उखाड़ फेंकेगी। पाल ने प्रदेश में बढ़ते अपराध और गुंडाराज कायम होने का भी जिक्र किया। इस अवसर पर सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, विधायक नफीस अहमद, पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा, पूर्व विधायक आदिल शेख आदि उपस्थित रहे।