शहर के शिब्ली नेशनल पीजी कॉलेज में परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया के बीच बैक पेपर और पांचवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई छात्र-छात्राएं परीक्षा फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं।
इससे नाराज शिब्ली के छात्र-छात्राओं ने बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे कॉलेज प्रशासन और विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कॉलेज परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
उनका आरोप है कि पिछले सेमेस्टर में बैक लगने वाले विद्यार्थियों के साथ पांचवें सेमेस्टर के छात्रों का भी परीक्षा फॉर्म नहीं भरा जा रहा है। इससे उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित होने की आशंका है।
धरने की सूचना मिलते ही एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ सिटी शुभम तोदी समेत अन्य थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। करीब छह घंटे बाद देर शाम छात्र-छात्राओं का धरना-प्रदर्शन समाप्त हो सका।
प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने मांग की कि बैक पेपर के लिए पोर्टल दोबारा खोला जाए, ताकि जिन छात्रों की प्रथम या अन्य सेमेस्टर में बैक लगी है, वे परीक्षा फॉर्म भरकर परीक्षा दे सकें। इसके साथ ही पांचवें सेमेस्टर का परीक्षा फॉर्म भरने का अवसर भी दिया जाए।
छात्रों ने चेतावनी दी कि उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय पर परीक्षा परिणामों में लगातार गड़बड़ी करने का आरोप लगाया।
उनका कहना है कि कई बार परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को भी परिणाम में अनुपस्थित दिखा दिया जाता है। परीक्षा परिणाम में ऐसी त्रुटियों के चलते छात्रों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है।
एमए के तीसरे सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने भी समर्थ पोर्टल नहीं खुलने की समस्या उठाई। उनका कहना है कि परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि निर्धारित कर दी गई है, लेकिन पोर्टल की तकनीकी दिक्कत के कारण कई छात्र आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।
00
छात्राओं प्राचार्य पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने का लगाया आरोप
आजमगढ़। कॉलेज में नियमों को लेकर छात्राओं और प्राचार्य के बीच विवाद बढ़ गया। छात्राओं का कहना है कि यदि ड्रेस, मेहंदी, नकाब और अन्य गतिविधियों को लेकर कोई नियम था तो उसे प्रवेश के समय ही स्पष्ट कर देना चाहिए था। छात्राओं ने आरोप लगाया कि कॉलेज के प्राचार्य ने उनके पहनावे और व्यक्तिगत जीवन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। छात्राओं ने बताया कि प्रवेश के दौरान उनसे 6,280 रुपये फीस भी जमा कराई गई थी। अब जब परीक्षा और पांचवें सेमेस्टर को लेकर दिक्कत खड़ी की जा रही है तो फीस लेने का औचित्य क्या है। छात्राओं ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन की ओर से बीच सेमेस्टर में नए नियम लागू किए जा रहे हैं। इसकी वजह से उनका पांचवां सेमेस्टर क्लियर नहीं होने दिया जा रहा है।
वर्जन
प्रथम वर्ष में बैक पेपर होने के कारण विद्यार्थियों का पांचवें सेमेस्टर का परीक्षा फॉर्म नहीं भर पा रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के प्रावधानों के तहत तीसरे वर्ष में प्रवेश के लिए प्रथम वर्ष के सभी पेपर पास करना अनिवार्य है। इसमें मेजर, माइनर और अन्य विषयों के पेपर शामिल हैं। विद्यार्थियों से अपनी मार्कशीट और प्रत्यावेदन जमा करने को कहा गया था, ताकि प्रत्येक मामले की अलग-अलग जांच की जा सके। उनके प्रार्थना पत्रों के आधार पर कुलपति से वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। छात्राओं के आरोप को निराधार हैं। -डॉ. अफसर अली, प्राचार्य।
शिब्ली नेशनल पीजी कॉलेज में बच्चों ने अपनी मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। विद्यार्थियों को समझाने का प्रयास किया गया। काफी आश्वासन के बाद देर शाम छात्र-छात्राओं ने धरना समाप्त कर दिया। -शुभम तोदी, सीओ सिटी।