मंगलवार की रात से जिले में शुरू हुआ कोहरे का कहर गुरुवार को भी जारी रहा। कोहरे का आलम यह रहा कि छत गली सड़कों पर ऐसा लग रहा था कि मानों अभी बारिश हुई हो। धुंध के चलते सबसे अधिक परेशानी वाहन चालकों को हुई। छोटे-बड़े सभी वाहन सड़कों पर रेंगते नजर आए।
दिन में दस बजे भी लोग वाहनों की हेडलाइट जला कर चलते नजर आए। अपराह्न सवा दो बजे के करीब सूर्य देव कुछ देर के लिए दिखे। लेकिन बाद में बादलों ने उन्हें फिर अपने आगोश में ले लिया। दूसरी तरफ गलन की हालत यह रही कि हल्की सी चोट लगने पर लोग सिहर जा रहे थे।
गोसाई की बाजार संवाददाता के अनुसार कस्बा लालगंज में गुरुवार को कई प्राइवेट सहित सेंटजेवियर्स स्कूल भी खुला था। बच्चे किसी तरह ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे। वहीं इस संबंध में स्कूल की कोआर्डिनेटर प्रीती सिंह ने बताया कि सुबह स्कूल बस चली गई। स्कूल बंद होने की जानकारी हमें नहीं थी। इस कारण विद्यालय बंद नहीं हो पाया।