आजमगढ़। विवादित ढांचा विध्वंस की 25वीं बरसी को लेकर छह दिसंबर को राष्ट्रीय उलमा काउंसिल के नेतृत्व में मुस्लिम समाज ने बरसी मनाई गई। शिब्ली कॉलेज के पास विरोध प्रदर्शन के बाद कलक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया।
मुहल्लों में काले झंडे लहराए गए। वहीं, हिंदू संगठनों की ओर से शौर्य दिवस मनाया गया। भगवा ध्वजा संग शहर में मोटरसाइकिल जुलूस निकाल कर नारेबाजी की गई। अबीर और गुलाल उड़ा कर खुशी मनाई। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों में फोर्स तैनात रही ।
घरों पर लहराया भगवा, बाइक रैली निकाली
आजमगढ़। बुधवार को हिंदू संगठनों ने अलग-अलग बैठक कर विजय और शौर्य दिवस मनाया। पुरानी कोतवाली क्षेत्र में सभी दूकानों और भगवा फहराया गया। हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने रैदोपुर स्थित दुर्गा मंदिर के परिसर में बैठक की।
इस दौरान शहीद हुए कारसेवकों को श्रद्धांजलि दी गई। प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डा. राकेश राय ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब अयोध्या में उसी स्थान पर संवैधानिक तरीके से राम मंदिर का निर्माण होगा।
बैठक में अधिवक्ता वीरेंद्र सिंह, जगदंबा बाबा, मनोज सिंह, विनोद सोनकर, चक्रमेण त्रिपाठी, परीक्षित सिंह, आशुतोष सिंह, दिनेश चौहान सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व संयोजक हरिबंश मिश्रा के नेतृत्व में नगर में बाइक रैली सुखदेव पहलवान स्टेडियम से निकाली गई जो पांडेय बाजार, जामा मस्जिद, सब्जी मंडी, चौक, नगर पालिका, सिविल लाइन होते कलेक्ट्रेट चौराहे पर पहुंची। रास्ते में जमकर नारेबाजी की गई।
अंबेडकर पार्क में रैली समाप्त हुई। रैली में धीरज सिंह, राहुल मिश्रा, सुधीर राय, पप्पू चतुर्वेदी, रामसकल चौहान सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे। विश्व हिंदू महासंघ के कार्यकर्ताओं ने कुंवर सिंह उद्यान में बैठक कर शौर्य दिवस मनाया।
तिरंगा फहराने के बाद राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का गायन हुआ। इसके बाद एक दूसरे का अबीर लगाकर प्रसंन्नता व्यक्त की गई। इस मौके पर अरुण सिंह साधू, विष्णुकांत चौबे, हलधर दुबे, दीपक सिंह, दुर्गा प्रसाद गुप्ता सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वहीं विहिप की ओर से सिधारी स्थित मैरेज हाल में शौर्य दिवस मनाया गया। जिला कार्याध्यक्ष राम कृष्ण मिश्र ने राम जन्मभूमि की ऐतिहासिक 1528 से अब तक के संघर्षों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
पवन कुमार ने राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर के निर्माण होने तक संघर्ष के लिए समर्पित रहने का संकल्प दिलाया। इस मौके पर सिद्धार्थ सिंह, आशीष जायसवाल, पंकज कन्नौजिया, बजरंगी जायसवाल, अमित सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
लालगंज में भी विहिप, बजरंग दल की ओर से शौर्य दिवस मनाया गया। मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद गोरक्षप्रान्त के सह संगठन मंत्री राजेश ने कहा कि अयोध्या में रामलला का मंदिर केवल मंदिर का विषय नहीं है, यह राष्ट्रीय स्वाभिमान का विषय है। अध्यक्षता आशा सिंह और संचालन गजेंद्र ने किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राकेश दुबे, सतीश सिंह, सर्वेश मिश्रा, सतीश राय, अनिल यादव, सुनील राय सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
तकिया में लहराए काले झंडे, मनाया काला दिवस
आजमगढ़। राष्ट्रीय उलमा कौंसिल के युवा प्रदेश अध्यक्ष नूरुलहुदा के नेतृत्व में बुधवार को शिब्ली कॉलेज के पास काला दिवस मनाया गया। इस दौरान कौंसिल के सभी कार्यकर्ताओं ने बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया।
नूरुलहुदा के नेतृत्व में छात्र नौजवानों ने शिब्ली कॉलेज से मौन जुलूस निकाला। जुलूस निस्वां कालेज, पहाड़पुर होता, पुरानी कोतवाली, चौक, बड़ादेव, नगर पालिका होता कलेक्ट्रेट कचहरी पहुंचा। यहां राष्ट्रपति को संबोधित चार सूत्री ज्ञापन एसडीए सदर को सौंपा गया।
मौलिक अधिकारों की धज्जियां उड़ाने वालों को सजा दिलाए जाने के साथ उसी स्थान पर मस्जिद निर्माण कराए जाने की मांग की गई। युवा प्रदेश अध्यक्ष नूरुलहुदा ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास की बात करने वाले प्रधानमंत्री लिब्राहन आयोग की रिपोर्ट को लूागू करके बाबरी मस्जिद विध्वंस के दोषियों को कठोर सजा देकर उसी स्थान पर बाबरी मस्जिद का निर्माण कराने में सहयोग दें।
उन्होंने कहा कि बाबरी विध्वंस के जितने दोषी लालकृष्ण आडवाणी हैं, उतने ही दोषी मुलायम सिंह यादव भी है। उन्होंने इस दौरान हुए दंगे में मारे जाने वाले परिवार को मुआवजा और दोषियों को दंडित किए जाने की मांग की।
इस मौके पर मिर्जा शाने आलम बेग, बेलाल अहमद, नजम शमीम, हमजा, छात्र नेता सरफराज खान, अफजल, कासिफ, विशाल सिंह, नवीन राय, महेंद्र यादव, मुकेश कुशवाहा, अनिल श्रीवास्तव सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान तकिया स्थित सभी दुकानों पर काला झंडा फहराया गया।
उधर पीस पार्टी ने बाबरी विध्वंस को काला कानून दिवस के रुप में मनाया। जिला कोषाध्यक्ष सूफियान अहमद ने कहा छह दिसंबर 1992 का दिन मुसलमानों के लिए ही नहीं बल्कि हर अमन पसंद हिंदुस्तानी के लिए काला दिन है। पार्टी के नेताओं ने बाबरी मस्जिद विध्वंस के दोषियों को सजा दिलाए जाने की मांग करते हुए अदालत के फैसले पर अमल किए जाने को कहा।