आजमगढ़/निजामाबाद। सिखों के दसवें गुरु गोबिंद सिंह का प्रकाशोत्सव बुधवार को धूमधाम के साथ मनाया गया। गुरुद्वारों में शबद-कीर्तन के साथ ही लंगर का आयोजन किया। इसके साथ ही कड़ाहा प्रसाद का भी वितरण किया गया। कोरोना के चलते इस बार जुलूस नहीं निकाला गया लेकिन गुरुद्वारों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और परिसर में ही आयोजन हुए।
शहर में आसिफगंज मुहल्ला स्थित सरदार जी कटरा गुरुद्वारे में शबद कीर्तन के साथ ही अरदास का आयोजन किया। प्रबंधक सरदार रमेश सिंह, राजेश सिंह, राकेश सिंह व दीपक सिंह ने अरदास की। इसके पश्चात कड़ा प्रसाद का वितरण किया गया। संत प्रसाद अग्रवाल, कमल गुप्ता, शैलेंद्र अग्रवाल, घुटटूर सेठ, अशोक कांसकार, जयप्रकाश मोदनवाल, सुरेश जयसवाल, संतोष, विनायक सिंह सरदार आदि मौजूद रहे। मेजवां संवाददाता के अनुसार फूलपुर कस्बा के संगत जी गली में बुधवार को सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह की जयंती धूमधाम से मनाई गई । शबद, संकीर्तन के साथ प्रसाद वितरित किया गया। शाम को गुरुबानी व अरदास आदि कार्यक्रम हुए। जपजी साहब का पाठ किया गया। पिंटू सिंह सरदार, भृगुनाथ गुप्ता, कुलदीप सिंह सरदार, दुर्गेश, शुभम, अनुपम, अंश, अजय कुमार समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
निजामाबाद स्थित गुरुद्वारा चरण पादुका साहिब में गुरु गोबिंद सिंह महाराज की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। गुरुद्वारे को झालरों से सजाया गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ सुखमणि साहिब के पाठ से हुआ। इसके बाद रहीरास साहिब का पाठ, श्री सहज साहिब और अनंद पाठ साहिब के बाद अरदास हुकुमनामा हुआ। कड़ा प्रसाद वितरित किया गया।