सगड़ी में बांढ प्रभावित क्षेत्र में तैयारी व्यवस्था को देखते डीएम राजेश कुमार।
- फोटो : AZAMGARH
लाटघाट। बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा के बाद शुक्रवार को डीएम राजेश कुमार व एसपी त्रिवेणी सिंह ने बरदहुंआ, गांगेपुर, गढ़वल, सहबदिया, हाजीपुर, गंगा गौरी महाविद्यालय रामनगर बैजाबारी, कुढ्ही ढ़ाला, शिवपुर चौकी, सहदेवगंज और चिकनहवा बाजार का निरीक्षण किया। डीएम ने सुरक्षा चौकियों पर उपकरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि बाढ़ चौकियों पर एक रजिस्टर रखें जिसमें बाढ़ के आने के दौरान इसमें चौकियों पर आने वाले लोगों की सूचना दर्ज करें। साथ ही बाढ़ चौकियों पर ग्राम्य विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत, पंचायती राज विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी शिफ्टवार लगाएं। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को निर्देश दिया कि जहां भी बाढ़ चौकियां स्थापित हैं उसके आस-पास के ग्रामों का निरीक्षण कर लें। ग्रामों में परिवारों को क्लोरिन की दवा को वितरित करा दें और गर्भवती महिलाओं की सूची बना लें। एसडीएम से कहा कि बाढ़ के दृष्टिगत जहां भी नाव की आवश्यकता है वहां पर नाव उपलब्ध करा दें। चिकनहवा बाजार के पास देवारा जदीद ग्राम के रास्ते में पानी भर जाता है वहां पर भी एक नाव की व्यवस्था करें। सभी व्यवस्थाओं को एलर्ट मूड में रखें। डीपीआरओ को निर्देश दिया कि जो भी हैंडपंप खराब हैं उसको ठीक करा लें।
बाढ़ चौकियों एवं आश्रय स्थलों पर स्थापित शौचालयों को सक्रिय करा दें। आश्रय स्थल बनाने के लिए 100 विद्यालयों का चिन्हांकन कर लें इसको भी रेडी मूड में रखें। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से कहा कि पशुओं के टीकाकरण व चारे की व्यवस्था बाढ़ से पहले कर लें। इस मौके पर एडीएम वित्त एवं राजस्व गुरू प्रसाद, एसडीएम सगड़ी अरविंद कुमार सिंह, तहसीलदार सगड़ी बृजेंद्र उपाध्याय, डीपीआरओ लालजी दुबे आदि उपस्थित थे।