उच्च न्यायालय, प्रयागराज के आदेश के अनुपालन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने चार शिक्षकों को सेवामुक्त कर दिया है। इनमें दो महिला व दो पुरुष शिक्षक शामिल है। इनमें आजमगढ़ और मऊ जिले के एक-एक और बलिया के दो सहायक अध्यापक शामिल है। जबकि एक शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई के लिए बीएसए, अमेठी को पत्र लिख कर सूचित किया है। पांचों शिक्षकों की नियुक्ति 69 हजार शिक्षक भर्ती के दौरान हुई थी।
बीएसए ने बताया है कि शिक्षा क्षेत्र सोहांव के प्राथमिक विद्यालय, इस्लामिया में तैनात सहायक अध्यापक गुलाब चन्द पुत्र शोभनाथ राम, निवासी चक्रपानपुर, कनैला, थाना-जहानागंज, जनपद आजमगढ़, विकास खंड सीयर के कम्पोजिट विद्यालय, सोनाडीह में तैनात सहायक अध्यापक दिलीप कुमार यादव पुत्र हरेराम यादव, निवासी कमरौली, विलासपुर, थाना-नगरा, गड़वार ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय, त्रिकालपुर में सहायक अध्यापक कुमारी निवेदिता सिंह पुत्री ओंकारनाथ सिंह, निवासी ताड़ीबड़ागांव, थाना-नगरा, और रसड़ा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय, नसरथपुर में सहायक अध्यापक खुशबू पुत्री कमला प्रजापति, निवासी बरौली, थाना-घोसी, जिला मऊ की सेवायें हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में सहायक अध्यापक के पद से समाप्त कर दी गई है। जबकि अमेठी जिले में स्थानांतरित स्निग्धा श्रीवास्तव के खिलाफ कार्रवाई के लिए बीएसए, अमेठी को पत्र लिखा गया है।