आजमगढ़-जौनपुर मार्ग के चौड़ीकरण और आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर बना अंडर पास राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। बारिश होने के बाद इस अंडरपास में डेढ़ से दो फीट तक पानी लग गया है। जिसके कारण सोमवार को अंडरपास में लंबा जाम लग गया। पिछले दो-तीनों से हो रही आफत की बारिश ने जहां पूरे जिले में कहर बरपा रखा है। वहीं रानी की सराय में सेमरहा के पास बना अंडरपास जिले में आने वालों और स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बनता रहा है। जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने से हल्की सी भी बारिश के बाद अंडरपास में घुटने तक पानी लग जाता है। कई माह से यह समस्या चली आ रही है। लोगों की मांग और अखबारों में खबर प्रकाशित होने पर विभाग जागा और अंडरपास से पानी निकालने के लिए पंप लगा दिया। लेकिन वह भी अब मात्र शो-पीस बनकर रह गया है। रविवार को हुई बारिश के चलते अंडरपास के नीचे घुटने तक पानी भर गया है। जिसमें बाइक से जाना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। सोमवार को सुबह जब लोग अपने-अपने काम के लिए घर से निकले तो अंडरपास के पास पहुंचते ही लोग रूक गए। अंडरपास के नीचे घुटने तक पानी था। कुछ हिम्मत कर पानी से होकर दूसरी तरफ निकलने का प्रयास किया। लेकिन उनका प्रयास असफल रहा। बाइक लेकर अनियंत्रित होकर पानी में गिर गए। जिससे उनके कपड़े खराब हो गए। अंडरपास के नीचे घुटने तक पानी लगा होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी थी। जाम के सूचना पाकर मौके पर पहुंची रानी की सराय थाने की पुलिस ने आजमगढ़ से आने वाले वाहनों को सेमरहा अंडरपास के बगल से होकर गुजरे रास्ते से निकाला, जो कोटिला जाकर निकलेगा। इसी प्रकार वाराणसी से वाहनों को भी निकलने का प्रयास किया जा रहा था। समाचार लिखे जाने तक अंडरपास के नीचे जाम के हालात बने हुए थे। वहां रखे पंप को भी चालू नहीं किया जा सका था।