कीटनाशक संशोधन-2015 के तहत शैक्षिक योग्यता (कृषि रसायन से स्नातक) की अनिवार्यता के खिलाफ बीज व्यापारी सेवा समिति ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान विक्रेता जुलूस की शक्ल में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह के नाम एडीएम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
व्यापारियों का जुलूस मेहता पार्क से निकलकर कलेक्ट्री, गिरिजाघर चौराहा, नरौली होते हुए सिधारी स्थित कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचा। जहां मांगों का ज्ञापन एडीएम प्रशासन के माध्यम से केंद्रीय मंत्री को भेजा। समिति के मंत्री वसीम ने कहा कि कीटनाशक नियम में जो संशोधन किया गया है, उससे बहुत से व्यापारी सड़क पर आ जाएंगे।
मांग है कि बेरोजगारी के इस दौर में यह व्यवसाय गांवों के अनेक छोटे-छोटे किसान परिवार आजीविका के लिए कर रहे हैं, जो कि कम पढ़ लिखे होते हैं। कृषि रसायन का मानव जीवन से परोक्ष रूप से संबंध नहीं है। इस मौके पर सुरेश प्रताप वर्मा, शकील अहमद, इंद्रासन मौर्या, बबलू भाई, अप्पू वर्मा, अननू, आमिर, संतोष, गुड्डू, महेंद्र वर्मा, अविनाश आदि मौजूद रहे।