आजमगढ़। जिले में लगे अनेक सरकारी व निजी एटीएम पर आए दिन कैश की समस्या बनी रहती है। आलम यह है कि कुछ एटीएम को छोड़ दिया जाय तो बाकी के एटीएम शो पीस बने हुए हैं। आमतौर पर इनमें कभी कभार ही रुपये डाल दिया जाता है। इतना ही नहीं बहुत से एटीएम ऐसे हैं जहां पर सुरक्षा गार्ड की तैनाती नहीं हुई है। एटीएम को लेकर संबधित बैंक बेपरवाह बने हुए हैं। वहीं कुछ एटीएम तो ऐसे है कि यदि लगातार अवकाश हो जाए तो वह सप्ताह के पहले दिन ही खुलने पर ही भरे जाते हैं।
बैंकों द्वारा शहर के शारदा चौराहा, सिविल लाइन, एलवल, चौक, हरवंशपुर सहित आदि जगहों पर अपने- अपने एटीएम लगाए गए हैं। ग्राहकों की सुविधा देने के नाम पर शहर में लगाए गए अधिकतम एटीएम में जल्दी रूपए ही नहीं भरे जाते जिसके कारण बैंक उपभोक्ताओं को रूपए निकालने के लिए कई एटीएम का चक्कर लगाना पड़ता है। अगर लगातार दो या तीन दिन का बैंक का अवकाश हो गया तो स्थिति और खराब हो जाती है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के एटीएम झट खाली हो जाते हैं। इसके बाद इन एटीएम में बैंक खुलने के बाद ही रूपए डाले जाते हैं। इस बीच अगर किसी को रूपए की जरूरत पड़ती है तो उसको नहीं मिल पाता है। एटीएम में रूपए रहे या न रहे यह बात तो अलग है लेकिन शहर में लगे एटीएम की सुरक्षा भगवान भरोसे ही चल रही है। कुछ जगहों पर छोड़ दिया जाय तो अन्य जगहों पर एटीएम की सुरक्षा के लिए गार्ड तक नहीं लगाए गए हैं। सबसे खराब स्थिति तो ग्रामीण क्षेत्र की एटीएम की है। कई बैंकों के एटीएम रूपए न पड़ने की वजह से बंद हो चुके हैं। नगर के अतलस पोखरा क्षेत्र में वन इंडिया द्वारा एटीएम लगाया गया है लेकिन इस एटीएम का दरवाजा उखड़ चुका है। वहीं ब्रह्मस्थान क्षेत्र में लगा यूनियन बैंक का एटीएम हमेशा खाली ही रहता है। सोमवार को नगर के शारदा चौराहे पर लगे पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में गार्ड का कहीं पता नहीं था। एटीएम भी तीन दिन से खराब था। लेकिन एसबीआई के एटीएम में गार्ड मौजूद पाया गया। कुछ ऐसा ही हाल नगर के अन्य एटीएम का भी नजर आया।