आजमगढ़। यूपीपीएससी की ओर से सोमवार को जारी पीसीएस-2020 के अंतिम चयन परिणाम में जिले के तीन होनहारों ने एसडीएम और अन्य पदों पर चयनित होकर परिवार के साथ ही क्षेत्र और जनपद का नाम रोशन किया है। बूढनपुर तहसील के सिकहुला गांव निवासी संजय यादव पुत्र राजाराम यादव का चयन एसडीएम पद पर हुआ। क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। शाम को जैसे परिणाम निकला शुभचिंतकों सहित रिश्तेदारों का शाम से लेकर रात तक दिन भर आने जाने का सिलसिला लगा हुआ है। संजय यादव तहबरपुर ब्लाक में प्राथमिक विद्यालय शिक्षक पद पर तैनात थे।
वहीं, महाराजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत त्रिपुरारपुर खालसा गांव निवासी यश करण यादव के पुत्र सचिन यादव ने डिप्टी कलेक्टर पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। उन्होंने हाईस्कूल की परीक्षा 2008 में चिल्ड्रन हाईस्कूल और 2010 में श्रीमती गुजराती देवी गदनपुर हिच्छन पट्टी से इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी। 2015 में बीएचयू से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद यहीं से गेट की परीक्षा में ऑल इंडिया में 32वां स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया था। वर्तमान में केंद्र सरकार के उपक्रम इंडियन आयल में बतौर इंजीनिएयर पद पर कार्यरत हैं। तीन भाई बहनों में सबसे बड़े हैं। पिता नवाबगंज प्रतापगढ़ में एसआई के पद पर हैं। माता अनीता देवी गृहणी हैं।
उधर, राज्य प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2020 में ग्राम सुंदरपुर कैथौली मार्टीनगंज के निवासी मनीष कुमार सिंह का चयन वरिष्ठ प्रवक्ता जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान डायट के लिए हुआ है। इससे पूर्व भी वह दो बार पीसीएस परीक्षा का साक्षात्कार दे चुके हैं। मनीष की प्राथमिक शिक्षा गांव के ही प्राथमिक विद्यालय से हुई थी। इंटरमीडिएट की शिक्षा केवी इंटर कॉलेज मार्टीनगंज से तथा उच्च शिक्षा इलाहाबाद विश्वविद्यालय से हुई है। मनीष के पिता तथा उनके गुरु रामअवध सिंह जूनियर हाईस्कूल सोहौली के सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक है।