प्रदेश में बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत संचालित विद्यालयों के समय में बदलाव किया गया है। शिक्षा निदेशक (बेसिक) उत्तर प्रदेश और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में यह निर्णय लिया गया है।
बीएसए राजीव कुमार पाठक ने बताया कि जारी आदेश के अनुसार परिषदीय विद्यालय अब सुबह 7.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक संचालित होंगे। छात्र-छात्राएं पठन-पाठन के लिए सुबह 7.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। प्रार्थना सभा व योगाभ्यास का समय सुबह 7.30 से 7.40 बजे तक और मध्यावकाश सुबह 10 से 10.15 बजे तक निर्धारित किया गया है। वहीं, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी सुबह 7.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहकर शैक्षणिक व प्रशासनिक कार्यों का निष्पादन करेंगे। बीएसए ने कहा कि मान्यता प्राप्त विद्यालयों के संबंध में विद्यालय प्रबंधन समिति को आवश्यकतानुसार निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया है। विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।