आजमगढ़। जिले में राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के किनारे स्थित स्कूल अब सड़क सुरक्षा जागरूकता के केंद्र बनेंगे। शिक्षा विभाग और परिवहन विभाग मिलकर विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देंगे, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके और बच्चों में शुरुआत से ही सुरक्षित यातायात की समझ विकसित हो।
ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद स्कूलों में विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, प्रश्नोत्तरी और विशेष कक्षाओं का आयोजन होगा। विद्यार्थियों को सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, ट्रैफिक संकेतों की पहचान और तेज रफ्तार के खतरों के बारे में जानकारी दी जाएगी। अतुल कुमार यादव ने बताया कि बच्चों को यदि स्कूली स्तर पर ही यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए तो वे खुद भी सुरक्षित रहेंगे और अपने परिवार व समाज को भी नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान बच्चों के लिए सुरक्षा कवच साबित हो सकता है।
अभियान में शिक्षकों की भी अहम भूमिका होगी। उन्हें सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों पर बच्चों को नियमित रूप से जागरूक करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। प्रशासन का मानना है कि स्कूली स्तर से शुरू की गई यह पहल भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में मददगार साबित होगी।